Home उत्तर प्रदेश आज आएंगे भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू, कई स्थानों पर होगा स्वागत

आज आएंगे भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू, कई स्थानों पर होगा स्वागत

प्रथम आगमन की तैयारियां पूरी, भाजपा ने तय किया रूट चार्ट 
FATEHPUR NEWS: कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू के जनपद में प्रथम आगमन को लेकर पार्टी संगठन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। उनके स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है और विभिन्न स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि गुरुवार को संगठन द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती संस्मरण पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू शामिल होंगे। क्षेत्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनका यह पहला फतेहपुर दौरा है। उन्होंने बताया कि दोपहर 1:00 बजे कानपुर की ओर से छिवली नदी स्थित जनपद सीमा पर जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। जिलाध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने स्थानीय क्षेत्रों में ही स्वागत करें और अनावश्यक वाहन काफिलों के साथ न चलें। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सादगी और अनुशासन संबंधी सुझावों के अनुरूप की गई है। स्वागत कार्यक्रम के तहत क्षेत्रीय अध्यक्ष का विभिन्न स्थानों पर निर्धारित समयानुसार अभिनंदन किया जाएगा। चौडगरा में दोपहर 1:15 बजे, मलवां में 1:30 बजे, बरौरा में 1:40 बजे, मेडिकल कॉलेज के पास 1:55 बजे, नउवाबाग में 2:10 बजे, डाक बंगला के पास 2:20 बजे, सदर अस्पताल के पास 2:30 बजे, पत्थरकटा चौराहा पर 2:40 बजे तथा पटेल नगर चौराहा पर 2:50 बजे स्थानीय कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद क्षेत्रीय अध्यक्ष शाम 4:00 बजे सरदार वल्लभभाई पटेल प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। सम्मेलन में विधानसभा स्तर के कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे और संगठनात्मक विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त करेंगे। कार्यक्रम के उपरांत क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू डाक बंगले में रात्रि प्रवास भी करेंगे। संगठन ने उनके आगमन को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं और कार्यकर्ताओं से अनुशासन एवं संगठनात्मक मर्यादा का पालन करने की अपील की गई है।