पंचकल्याणक महोत्सव में रहेगा मंगल सान्निध्य, 31 फुट ऊंची भगवान महावीर प्रतिमा में होंगे सूरीमंत्र संस्कार
JHANSI NEWS: महानगर में “राजकीय अतिथि” एवं भारत के सर्वमान्य दिगम्बराचार्य पट्टाचार्य श्री विशुद्धसागरजी महामुनिराज (ससंघ) का आज भव्य मंगल प्रवेश होगा। जैन समाज द्वारा ग्वालियर रोड स्थित अटल चौक (अंसल बसेरा तिराहा) पर उनकी भव्य अगवानी की जाएगी। इसके बाद विशाल शोभायात्रा रेलवे क्रॉसिंग, फिल्टर रोड, दतिया गेट, नरिया बाजार, बिसाती बाजार, महाराजा बैंड वालों की गली, बिलैया खिड़की, गुदरी जैन मंदिर दर्शन उपरांत मिठाई वाली गली, बड़ा बाजार होते हुए गांधी रोड स्थित श्री दिगम्बर जैन पंचायती बड़ा मंदिर पहुंचेगी, जहां धर्मसभा में आचार्य श्री के मंगल प्रवचन होंगे। शाम 4:30 बजे कटरा रोड स्थित श्री श्रमण संस्कृति भवन (संत निवास) से आचार्य श्री ससंघ पुनः भव्य शोभायात्रा के साथ सागर गेट, मंडी रोड, कानपुर चुंगी यूनिवर्सिटी मार्ग से मेडिकल कॉलेज गेट नंबर-2 के सामने स्थित प्राचीन जैन तीर्थ स्थल करगुवांजी पहुंचेंगे। 12 मई से 17 मई तक मेडिकल कॉलेज गेट नंबर-3 के आगे स्थित भगवान महावीर महातीर्थ में आयोजित श्रीमज्जिनेन्द्र जिनबिम्ब पंचकल्याणक प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में आचार्य श्री का मंगल सान्निध्य प्राप्त होगा। इस दौरान बुन्देलखण्ड की सबसे बड़ी 31 फुट ऊंची भगवान महावीर स्वामी की विशाल एवं मनोहारी खड्गासन प्रतिमा सहित आठवें तीर्थंकर श्री चंद्रप्रभु भगवान एवं दसवें तीर्थंकर श्री शीतलनाथ भगवान की दिव्य प्रतिमाओं तथा अनेक जिनबिम्बों में सूरीमंत्र संस्कार देकर प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई जाएगी। बीती शाम भगवान महावीर महातीर्थ में श्री चंद्रप्रभु स्वामी एवं श्री शीतलनाथ भगवान की 23 फुट ऊंची दिव्य प्रतिमाओं की स्थापना सम्पन्न हुई। प्रथम तिलकदान का सौभाग्य श्रीमती सुमन-खुशाल जैन, आस्था-अर्पित जैन, ममता-प्रदीप जैन चैनू तथा निकिता-सजल जैन चैनू को प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव के मुख्य पात्रों का तिलक वंदन, माल्यार्पण एवं धर्मपट्टिका पहनाकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर तीर्थंकर भगवान के माता-पिता, सौ इंद्र, धनपति कुबेर इन्द्र, ध्वजारोहणकर्ता, महायज्ञनायक, यज्ञनायक, ईशान इंद्र, राजा श्रेयांश, राजा सोम सहित विभिन्न धार्मिक पात्रों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह में श्री दिगम्बर जैन पंचायत समिति के अध्यक्ष अजित कुमार जैन, भगवान महावीर लोक कल्याण समिति के अध्यक्ष ललित जैन, पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव समिति के अध्यक्ष शैलेन्द्र जैन प्रेस, कार्याध्यक्ष कैलाशचंद जैन वर्धमान, मुख्य संयोजक सिंघई संजय जैन, वरुण जैन, केतन जैन, डॉ. राजीव जैन सहित अनेक पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंगलाचरण महिला समाज की अध्यक्षा श्रीमती सरोज जैन ने किया। संचालन महामंत्री सौरभ जैन सर्वज्ञ ने तथा आभार वरिष्ठ महामंत्री दिनेश जैन डीके ने व्यक्त किया।





