FATEHPUR NEWS: कोतवाली क्षेत्र के तेंदुली गांव में बुधवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से एक किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. जानकारी के अनुसार तेंदुली गांव निवासी आयुष यादव उर्फ चुन्नू (15) पुत्र सूरजभान यादव बुधवार को गांव से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित अपने आम के बगीचे में आम बीन रहा था। इसी दौरान मौसम अचानक बदल गया और तेज गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली आम के पेड़ के पास गिर गई। बिजली की चपेट में आने से आयुष की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर पहुंच गई। परिजन और ग्रामीण किशोर के शव को घर लेकर आए, जहां परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की मां सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त रहा और लोग परिवार को ढांढस बंधाते रहे। बताया जाता है कि आयुष सर्वोदय इंटर कॉलेज, गोपालगंज का छात्र था। उसने हाल ही में कक्षा नौ उत्तीर्ण की थी और इस वर्ष कक्षा दस में प्रवेश लिया था। उसके परिवार में छह वर्षीय छोटा भाई कुलदीप यादव भी है। मृतक के पिता सूरजभान यादव छत्तीसगढ़ में निजी कंपनी में कार्यरत हैं। घटना की सूचना उन्हें दे दी गई है। परिजनों ने बताया कि पिता के घर पहुंचने के बाद ही किशोर का अंतिम संस्कार किया जाएगा।







