FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से आउटसोर्स कर्मियों के कल्याण और श्रमिकों के आर्थिक उत्थान को लेकर बुधवार को बड़ा कदम उठाया गया। लखनऊ के लोक भवन में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण फतेहपुर के विकास भवन सभागार में किया गया। इस दौरान जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आउटसोर्स कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में अयाह शाह विधायक विकास गुप्ता, जहानाबाद विधायक राजेंद्र पटेल, नगर पालिका परिषद फतेहपुर के अध्यक्ष एडवोकेट राजकुमार गौर्य सहित श्रम विभाग, नगर पालिका के अधिकारी, सभासद और आउटसोर्स कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के आधिकारिक लोगो का अनावरण किया। इसके साथ ही पारदर्शी व्यवस्था के लिए डिजिटल वेबसाइट और पोर्टल का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री की ओर से आउटसोर्स कर्मियों के बढ़े हुए पारिश्रमिक की घोषणा भी की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारी और श्रमिक प्रदेश के विकास की रीढ़ हैं। नई डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से कर्मियों को बिचौलियों से मुक्ति, समय से सीधे बैंक खातों में भुगतान तथा ईपीएफ और ईएसआई जैसी सामाजिक सुरक्षा का लाभ सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम में श्रम विभाग की ओर से उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ वितरण शिविर लगाया गया। इसमें पात्र पंजीकृत श्रमिक लाभार्थियों को विभिन्न वित्तीय सहायता के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। इसके अलावा मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना तथा निर्माण कामगार मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना समेत अन्य योजनाओं के स्वीकृति पत्र और एफडी भी लाभार्थियों को प्रदान की गईं। नगर पालिका परिषद फतेहपुर की ओर से सफाई कर्मियों को पीपीई किट वितरित की गई। अधिकारियों ने बताया कि सरकार की इस पहल का उद्देश्य आउटसोर्स कर्मियों को ठेकेदारी व्यवस्था में होने वाले शोषण से बचाते हुए उनके अधिकारों और भुगतान की व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाना है। कार्यक्रम के समापन पर श्रम विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और श्रमिकों का आभार व्यक्त किया।







