Home उत्तर प्रदेश आईएमए प्रतिनिधिमंडल की मुख्यमंत्री की भेंट समस्याओं पर शीघ्र समाधान का आश्वासन

आईएमए प्रतिनिधिमंडल की मुख्यमंत्री की भेंट समस्याओं पर शीघ्र समाधान का आश्वासन

PRAYAGRAJ NEWS:  रविवार आईएमए प्रयागराज (एएमए) के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल संचालन से संबंधित व्यावहारिक कठिनाइयों, प्रशासनिक प्रक्रियाओं में आ रही बाधाओं तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में हो रही देरी पर विस्तार से चर्चा की,प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व आईएमए प्रयागराज के अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार मिश्रा ने किया। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष डॉ. सुजीत सिंह, डॉ. कमल सिंह,सचिव डॉ.आशुतोष कुमार गुप्ता एवं संयुक्त सचिव डॉ. संतोष सिंह भी उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने एक स्वर में प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक सुधारों पर बल दिया।
इस बैठक में विशेष रूप से फायर एनओसी एवं पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड की एनओसी प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाने की मांग उठाई गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि वर्तमान प्रक्रिया जटिल होने के कारण विशेषकर 50 बेड से कम के अस्पतालों को अनावश्यक प्रशासनिक दिक्कतों का सामना करना पड़ता है,जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होती हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने सहमति एवं शीघ्र क्रियान्वयन का आश्वासन दिया इसके अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) स्तर पर गठित जांच समितियों में आईएमए के जिला स्तरीय प्रतिनिधि को शामिल किए जाने का प्रस्ताव रखा गया,ताकि जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं व्यावहारिक दृष्टिकोण सुनिश्चित किया जा सके। मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। आईएमए प्रतिनिधियों ने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत उपचारित मरीजों के भुगतान में हो रही देरी का मुद्दा भी उठाया और इसे 30 से 45 दिनों के भीतर सुनिश्चित करने की मांग की। इस पर मुख्यमंत्री ने सहमति व्यक्त करते हुए कहा कि इससे अस्पतालों की कार्यप्रणाली सुचारु होगी और मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। बैठक में अस्पतालों के पंजीकरण को पूर्णतः ऑनलाइन किए जाने,विभिन्न प्रशासनिक प्रक्रियाओं के सरलीकरण तथा जमीनी स्तर पर आने वाली अन्य व्यावहारिक समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने दिनांक 17 मई 2026 को प्रयागराज में आयोजित होने वाले आईएमए के प्रादेशिक चिकित्सा सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में पधारने का अनुरोध भी किया। मुख्यमंत्री ने इस आमंत्रण को स्वीकार करते हुए सैद्धांतिक सहमति प्रदान की और कार्यक्रम में सम्मिलित होने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से आह्वान किया कि वे समाज सेवा के उद्देश्य से अधिक से अधिक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन करें,डॉक्टर–मरीज संबंधों में विश्वास एवं सौहार्द बनाए रखें तथा मरीजों के प्रति संवेदनशील और मानवीय दृष्टिकोण अपनाएं। अंत में आईएमए के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सुजीत सिंह ने मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए समय, मार्गदर्शन एवं सकारात्मक आश्वासन के लिए आभार व्यक्त किया।