जनसहभागिता से बना रास्ता आसान, स्थानीय श्रमिक को किया सम्मानित
JAUNPUR NEWS: जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने एक बार फिर संवेदनशील प्रशासनिक कार्यशैली का परिचय देते हुए आंधी से गिरे पेड़ के कारण बाधित मार्ग को तत्काल बहाल कराया। तहसील मड़ियाहूं अंतर्गत ग्राम पुरेलाल में सई नदी पर निर्माणाधीन पुल के निरीक्षण के बाद गोपालापुर मार्ग से लौटते समय उन्हें जानकारी मिली कि तेज आंधी के चलते एक वृक्ष सड़क के बीचों-बीच गिर गया है, जिससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है और जाम की स्थिति बन गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने बिना देर किए मौके पर ही अपने सुरक्षा कर्मियों, अन्य कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर गिरे हुए पेड़ को हटाने का कार्य शुरू कराया। सामूहिक प्रयास के चलते कुछ ही देर में मार्ग को साफ कर दिया गया, जिससे आवागमन पुनः सुचारू हो सका। इस दौरान उत्कृष्ट सहयोग देने वाले एक स्थानीय श्रमिक को जिलाधिकारी ने अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया और उसका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि किसी भी चुनौतीपूर्ण कार्य को जनसहभागिता और सामूहिक प्रयास से सरल बनाया जा सकता है। जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की कि आपदा या आपात स्थिति में प्रशासन का सहयोग करें और मानवता की भावना के साथ आगे बढ़कर मदद करें, ताकि ऐसी परिस्थितियों से शीघ्रता से निपटा जा सके।







