Home उत्तर प्रदेश असोथर में माइक्रो क्रेडिट कंपनी के एरिया मैनेजर की हुई संदिग्ध मौत

असोथर में माइक्रो क्रेडिट कंपनी के एरिया मैनेजर की हुई संदिग्ध मौत

बंद कमरे में बिस्तर पर मिला शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
FATEHPUR NEWS: असोथर नगर पंचायत के प्रताप नगर वार्ड नंबर-14 में एक निजी माइक्रो क्रेडिट कंपनी के एरिया मैनेजर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। 47 वर्षीय अधिकारी का शव उनके कमरे में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार वाराणसी जिले के निवासी रमेश कुमार गुप्ता (47) वर्तमान में केशपार माइक्रो क्रेडिट प्राइवेट लिमिटेड के असोथर कार्यालय में एरिया मैनेजर के पद पर तैनात थे। कंपनी का कार्यालय शिवभवन निषाद के मकान की तीसरी मंजिल पर संचालित होता है। रमेश कुमार अपने दो सहकर्मियों नीरज मिश्रा और राहुल कुमार के साथ वहीं रहते थे। बताया जा रहा है कि रविवार को दोनों सहकर्मी क्षेत्रीय कार्य के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। शाम को वापस लौटने पर उन्होंने कमरे का दरवाजा खोला तो रमेश कुमार गुप्ता बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़े मिले। घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रमेश कुमार पिछले कुछ दिनों से बुखार से पीड़ित थे और स्थानीय स्तर पर उनका इलाज चल रहा था। हालांकि उनकी मौत बीमारी के कारण हुई अथवा इसके पीछे कोई अन्य वजह है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। सूचना पर स्थानीय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास के लोगों और मृतक के सहकर्मियों से भी पूछताछ की।
थाना प्रभारी राजीव मिश्रा के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा और उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों में मचा कोहराम
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। बताया गया कि मृतक की पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री सहित अन्य परिजन वाराणसी से असोथर के लिए रवाना हो गए और मौके पर पहुंचे, इस दौरान परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उपलब्ध मेडिकल रिकॉर्ड के आधार पर मामले की जांच कर रही है।