Home उत्तर प्रदेश अयोध्या कूच से पहले कांग्रेस नेताओं पर पुलिस का पहरा, फतेहपुर में...

अयोध्या कूच से पहले कांग्रेस नेताओं पर पुलिस का पहरा, फतेहपुर में आधी रात से हाउस अरेस्ट

प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के प्रस्तावित दौरे से पहले प्रशासन की कार्रवाई
जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी बोले- लोकतांत्रिक अधिकारों का हो रहा दमन; पुलिस ने कानून-व्यवस्था का दिया हवाला
FATEHPUR NEWS: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के प्रस्तावित अयोध्या दौरे को लेकर मंगलवार को फतेहपुर में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने सोमवार की मध्यरात्रि से ही कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के आवासों पर पुलिस बल तैनात कर उन्हें घरों में ही रोक दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद जिले में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिली। कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी ने आरोप लगाया कि मंगलवार रात 12 बजे से ही उनके आवास को अघोषित कारागार बना दिया गया। उन्होंने कहा कि उन्हें प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के साथ अयोध्या जाकर भगवान श्रीरामलला के दर्शन करने थे, लेकिन प्रशासन ने उन्हें घर से बाहर नहीं निकलने दिया। महेश द्विवेदी ने कहा कि यह कार्रवाई डबल इंजन सरकार की मानसिकता को दर्शाती है, जहां विपक्ष की लोकतांत्रिक गतिविधियों से सत्ता भयभीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि धार्मिक स्वतंत्रता, अभिव्यक्ति की आजादी और आवागमन के संवैधानिक अधिकारों का खुला उल्लंघन किया जा रहा है। उनका कहना था कि यदि सरकार को किसी बात का डर नहीं है तो विपक्ष को अपनी बात रखने और धार्मिक यात्रा करने से क्यों रोका जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार कथित अयोध्या चढ़ावा घोटाले के मुद्दे पर उठने वाले सवालों से बचना चाहती है। उनके अनुसार विपक्ष की आवाज को दबाकर सच्चाई को छिपाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन लोकतंत्र में सवालों को हमेशा के लिए दबाया नहीं जा सकता। शहर कांग्रेस अध्यक्ष आरिफ गुड्डा ने भी प्रशासनिक कार्रवाई की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र पर सीधा प्रहार है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने भगवान श्रीराम के नाम पर राजनीति की, आज उन्हीं के शासन में रामलला के दर्शन के लिए जाने वाले विपक्षी नेताओं को रोका जा रहा है। उन्होंने कहा कि सत्य को अधिक समय तक छिपाया नहीं जा सकता। प्रशासन की कार्रवाई के दौरान जिले के विभिन्न स्थानों पर कांग्रेस नेताओं के आवासों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा। हाउस अरेस्ट किए गए नेताओं में जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी के अलावा वरिष्ठ नेता सुधाकर अवस्थी, पार्टी प्रवक्ता ई. देवी प्रकाश दुबे, सैयद शहाब अली, निजामुद्दीन, असलम फजलुर्रहमान, खागा से कलीम उल्ला सिद्दीकी तथा भदवा से प्रभात शुक्ला सहित कई अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। वहीं पुलिस एवं प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह एहतियाती थी। अधिकारियों के अनुसार जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए संबंधित नेताओं को उनके आवासों पर ही रोका गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत आवश्यक कदम उठाए गए हैं। प्रशासन की कार्रवाई और कांग्रेस के आरोप-प्रत्यारोप के बाद फतेहपुर का राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। अब इस पूरे घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है।