अयोध्या । ई–मेल के जरिए बम विस्फोट की धमकी मिलने के बाद अयोध्या की कचहरी परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तत्काल सक्रिय हो गईं। एहतियातन पूरे कचहरी परिसर को खाली कराया गया और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
तलाशी अभियान जारी
मौके पर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमों ने पहुंचकर कचहरी परिसर की सघन तलाशी शुरू कर दी। पुलिस द्वारा लगातार अनाउंसमेंट कर लोगों और अधिवक्ताओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सुरक्षा के मद्देनजर प्रवेश और निकास द्वारों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया।
ई–मेल से मिली धमकी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार धमकी भरा ई–मेल मिलने के बाद न सिर्फ अयोध्या, बल्कि प्रदेश के 19 जिलों की कचहरियों में भी अलर्ट जारी किया गया। सभी जगह सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर तलाशी अभियान चलाया गया।
प्रशासन अलर्ट मोड पर
वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन एहतियातन जांच जारी है। साइबर टीम ई–मेल के स्रोत की जांच में जुटी हुई है।
अपील
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सहयोग करने की अपील की है।







