Home उत्तर प्रदेश अभियोजन कार्यों की समीक्षा बैठक संपन्न, गंभीर मामलों में त्वरित कार्रवाई के...

अभियोजन कार्यों की समीक्षा बैठक संपन्न, गंभीर मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश

FATEHPUR NEWS: कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के संयुक्त तत्वावधान में अभियोजन कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निस्तारण एवं अभियोजन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने महिला अपराध, गैंगस्टर एक्ट, पॉक्सो एक्ट जैसे गंभीर मामलों में प्रभावी पैरवी करते हुए दोषियों को शीघ्र सजा दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियोजन अधिकारियों एवं विवेचकों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर देते हुए न्यायालय में साक्ष्य एवं गवाहों की समय से प्रस्तुति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि मामलों का प्रभावी निस्तारण हो सके। जिलाधिकारी ने सामाजिक वानिकी, खाद्य सुरक्षा, बाट-माप विभाग एवं जिला पूर्ति से संबंधित वादों को चिन्हित कर लोक अदालत के माध्यम से निस्तारण कराने को भी कहा। साथ ही लंबित प्रकरणों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष बल दिया। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी, शासकीय अधिवक्ता, जिला पूर्ति अधिकारी, वनाधिकारी, सहायक श्रमायुक्त, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित सभी थाना प्रभारी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।