MIRZAPUR NEWS: ग्राम देवरी के प्रधान पति और अधिवक्ता राजीव सिंह उर्फ रिंकू की दिनदहाड़े हत्या से अधिवक्ताओं और आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है।
घटना की सूचना पर आप के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील कुमार पांडे एडवोकेट पोस्टमार्टम हाउस व जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कहा कि मिर्जापुर में लगातार अधिवक्ता समाज का उत्पीड़न हो रहा है। इस हत्याकांड से अधिवक्ता समाज और जनमानस में व्यापक आक्रोश है।
पांडे ने बताया कि आज सुबह 6:30 बजे राजकीय इंटर कॉलेज में राजीव सिंह उनके साथ रोज की तरह मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। 7:30 बजे उनकी हत्या की सूचना से सभी स्तब्ध हैं। उन्होंने कहा कि कटरा थाना क्षेत्र में अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। इस घटना के लिए जिम्मेदार थानाध्यक्ष कटरा के खिलाफ पुलिस अधीक्षक को निलंबन की कार्रवाई करनी चाहिए। आम आदमी पार्टी घटना की निंदा करती है और हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करती है। सुनील पांडे ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो आप बड़ा आंदोलन करेगी। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पार्टी के प्रदेश प्रभारी सांसद संजय सिंह को दे दी गई है।







