फतेहपुर। स्थायी लोक अदालत के आदेश के अनुपालन में यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड ने याची को 3,29,205 रुपये की धनराशि का चेक सौंपा। यह कार्रवाई 19 अप्रैल 2025 को पारित आदेश के अनुपालन में बुधवार, 29 अप्रैल 2026 को की गई।
न्यायालय में चेक जमा करने के बाद याची धर्मेंद्र सिंह को यह राशि अध्यक्ष पृथ्वी पाल यादव, सदस्य डॉ. सोमारू कुशवाहा और सदस्य आदित्य प्रकाश की उपस्थिति में प्रदान की गई। इस दौरान याची के अधिवक्ता राम पटेल, राजकरण सिंह और रतीलाल भी मौजूद रहे। याची के अधिवक्ता राम पटेल ने बताया कि यह मामला बीमा क्लेम से संबंधित था, जिसमें स्थाई लोक अदालत ने याची के पक्ष में निर्णय सुनाया था। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में बीमा कंपनी ने पूरी निर्धारित धनराशि का भुगतान कर दिया है। इस मामले को न्यायिक प्रक्रिया के प्रभावी क्रियान्वयन का उदाहरण माना जा रहा है, जहां समयबद्ध तरीके से आदेश का पालन सुनिश्चित किया गया।







