FATEHPUR NEWS: बाबासाहेब अंबेडकर विकास समिति के जिला अध्यक्ष गया प्रसाद के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट स्थित अंबेडकर पार्क में डॉ भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर बाबा साहब को नमन किया और उनके विचारों को अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः बुद्ध वंदना से हुई, जिसके बाद नगर में विभिन्न स्थानों से आई आकर्षक झांकियों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में शामिल लोगों ने बाबा साहब के जयकारों के साथ सामाजिक समरसता और समानता का संदेश दिया। इसके पश्चात आयोजित विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने बाबा साहब के जीवन, संघर्ष और उनके द्वारा किए गए सामाजिक बदलावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने सामाजिक विषमताओं के खिलाफ आजीवन संघर्ष करते हुए महिलाओं और वंचित वर्गों को सम्मानजनक जीवन दिलाने का कार्य किया। उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। गोष्ठी को सकठू राम, मयंक, शत्रुघ्न लाल, मायाराम एडवोकेट, देवेंद्र पटेल, संदीप यादव, बृजेंद्र, गया प्रसाद, कामिनी, मिथिलेश गौतम, अखिलेश कुमार, मनोज प्रकाश, रमेश बौद्ध, शिव प्रकाश गौतम, केपी कोरी, राजेंद्र प्रसाद गौतम, रजनीश सहित अनेक वक्ताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त आईओएफएस चंद्रहास रहे, जबकि अध्यक्षता जियालाल ने की और संचालन ब्रजकिशोर ने किया। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा प्रसाद एवं जलपान वितरण का भी आयोजन किया गया। आरपी गौतम एवं विमला गौतम द्वारा मिष्ठान वितरण किया गया, वहीं पासी कल्याण समिति ने बूंदी का प्रसाद वितरित किया। पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा भंडारे का आयोजन कर श्रद्धालुओं को पूड़ी-सब्जी का प्रसाद वितरित किया गया। इसके अलावा मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन, ब्लू ड्रीम सेवा समिति, डॉ. बीआर अंबेडकर युवा जन सेवा फाउंडेशन तथा अंबेडकर विकास समिति आबूनगर द्वारा भी प्रसाद एवं शरबत वितरण किया गया। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, उत्साह और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। अंत में आयोजकों ने सभी उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में वासुदेव पासी, प्रदीप पासवान, रामदीन, संतोष कैथल, रमेश चंद, चंद्र बहादुर, शैलेश सिंह, शिवकुमार, अनिल कुमार, सुशील बिहारी, वीरेंद्र कुमार, राशिद नासिर, अर्चना, ज्ञानचंद, दिव्यांश गौतम, वंशिका गौतम, शिवदेवी, ज्ञानेंद्र सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।







