हेमलता पटेल ने महिलाओं संग केक काटकर मनाया गया महिला दिवस
FATEHPUR NEWS: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बहुआ ब्लॉक के ग्राम पंचायत सुजानपुर में नारी शक्ति का भव्य समागम देखने को मिला। गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष, सुजानपुर ग्राम प्रधान एवं बहुआ ब्लॉक प्रधान संघ की अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं ने ग्राम सचिवालय भवन में एकत्र होकर महिला दिवस उत्साहपूर्वक मनाया। कार्यक्रम की शुरुआत सुजानपुर और आसपास के गांवों से आई महिलाओं द्वारा केक काटकर और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर की गई। इस दौरान हेमलता पटेल ने सभी महिलाओं को तिलक लगाकर सम्मानित किया और महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान ‘महिला शक्ति और नेतृत्व’ विषय पर विचार गोष्ठी का भी आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने प्रेरक गीतों के माध्यम से अपनी ऊर्जा और उत्साह का प्रदर्शन किया। इस मौके पर हेमलता पटेल ने कहा कि महिलाएं स्वयं को कभी कमजोर न समझें। अवसर मिलने पर वे हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परिचय दे सकती हैं। उन्होंने कहा कि एकता और साहस ही महिलाओं की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है और अब समय आ गया है कि महिलाएं नेतृत्व की भूमिका निभाते हुए समाज के विकास में सक्रिय योगदान दें। उल्लेखनीय है कि हेमलता पटेल जनपद में महिलाओं के लिए एक प्रेरणास्रोत के रूप में उभरी हैं। उनके जीवन संघर्ष और समाज सेवा पर आधारित पुस्तक “यहां विकास का रंग गुलाबी है” उनके संघर्षों की कहानी को दर्शाती है। शिक्षा के क्षेत्र में राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज और आवासीय डिग्री कॉलेज के निर्माण में उनके योगदान को भी सराहा जाता है। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने एक-दूसरे के गले मिलकर एकता की शपथ ली और समाज में अपनी सशक्त भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर रेखा रानी, उत्तरा सिंह, सुनीता, राजरानी, संगीता, सावित्री, अंजना, रजनी, सुमन, आमना, रजिया, स्नेहा, गीता, प्रिया, संयोगिता, मधु, कोमल सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।







